धनबाद। कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में शुक्रवार को एक बड़ा भू-धंसान हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक दो मंजिला मकान सहित लगभग एक दर्जन घर जमींदोज हो गए। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार धंसान से ठीक पहले जमीन के भीतर से जोरदार आवाज आई और अचानक बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने लगीं। देखते ही देखते एक बड़े हिस्से की जमीन नीचे धंस गई और उसकी जद में आकर कई मकान ढह गए। आसपास की जमीनों पर भी भयानक दरारें उभर आई हैं।
हादसे के फौरन बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मलबे और धंसी हुई जमीन में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश और खौफ व्याप्त है। प्रशासन को सूचित कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
