रांची। झारखंड सरकार ने राज्य के विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 53 कैदियों की रिहाई के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। इनमें गैंगस्टर अनिल शर्मा, सुरेंद्र बंगाली और धनबाद के कुख्यात फहीम खान जैसे नाम शामिल हैं।
राज्य सजा पुनरीक्षण समिति की बैठक में इन कैदियों की समय पूर्व रिहाई के प्रस्ताव पर गहन विचार-विमर्श किया गया था, लेकिन समिति ने इसे मंजूरी देने से इनकार कर दिया।
गत 30 जुलाई को आयोजित राज्य सजा पुनरीक्षण समिति की बैठक में इन 53 कैदियों के मामलों की समीक्षा की गई थी। समिति की संस्तुति के आधार पर प्रस्ताव को खारिज करने का निर्णय लिया गया। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद, झारखंड सरकार के गृह विभाग की तरफ से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सरकार के इस सख्त रुख के बाद फिलहाल इन सभी कैदियों को जेल से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
