गढ़वा। विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सुधीर कुमार चंद्रवंशी ने कांग्रेस के स्थायी जिला कार्यालय के निर्माण के लिए शहर से सटे सुखमाना के आदर्श नगर में 10 डिसमिल जमीन दान देने की घोषणा की है। उनकी इस घोषणा से जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। यह घोषणा कांग्रेस की एक बैठक के दौरान की गई, जिसमें जिला अध्यक्ष अब्दुल्ला हक अंसारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। सुधीर कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि पार्टी कार्यालय के लिए घोषित 10 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री जल्द ही कांग्रेस के नाम कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्थायी जिला कार्यालय बनने से पार्टी की बैठकों, संगठनात्मक गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी तथा कार्यकर्ताओं को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, यह जमीन केवल ईंट-पत्थर का दान नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और हर गांव तथा हर बूथ को सशक्त बनाने की दिशा में एक छोटा-सा प्रयास है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल्ला हक अंसारी ने सुधीर कुमार चंद्रवंशी की इस घोषणा की सराहना करते हुए कहा कि इससे जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी। स्थायी जिला कार्यालय बनने से पार्टी की गतिविधियों के संचालन और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित कार्यक्रम आयोजित करने में काफी सहूलियत होगी।
