लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुवाटोली स्थित बाइपास सड़क निर्माण साइट पर गुरुवार की देर रात मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर तीन राउंड फायरिंग की और आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
इस वारदात में सुरक्षा में तैनात गार्ड शशिभूषण लकड़ा के हाथ में गोली लग गई। घटना के तुरंत बाद घायल गार्ड को लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश अपराधियों ने साइट पर पहुंचते ही कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया। इसी दौरान रंगदारी और दहशत फैलाने के इरादे से अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी होते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर बारीकी से निरीक्षण किया और खोखे समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी माध्यमों से सुराग जुटाने में लगी है। अपराधियों की पहचान और उनकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
