​पलामू। झारखंड के चर्चित और कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित पथरा गांव के कररबार नदी श्मशान घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हो गया। मुखाग्नि देते वक्त उसके 12 वर्षीय बेटे अक्षत कुमार भावुक होकर रो पड़ा। इसके साथ ही राज्य के अपराध जगत का एक बहुचर्चित अध्याय हमेशा के लिए समाप्त हो गया।

इससे पूर्व, जेल में बंद सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा पैरोल मिलने के बाद भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने ससुराल पथरा गांव पहुंची। घर के परिसर में पति के पार्थिव शरीर को देखते ही रिया उससे लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगी। पिता के शव को देखकर बेटा अक्षत भी फूट-फूटकर रो पड़ा। मां-बेटे के इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। रिया सिन्हा के पहुंचने की खबर फैलते ही आवास के बाहर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

गैंगस्टर की मौत,अंतिम संस्कार और पत्नी की पुलिस कस्टडी में मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुजीत सिन्हा के घर के आसपास पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई थी, जबकि कररबार नदी स्थित श्मशान घाट के चारों ओर भी कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।