रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी कथित अनियमितताओं के सिलसिले में सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल. ख्यांग्ते से लगातार तीसरे दिन 7 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। जांच एजेंसी मुख्य रूप से यह पता लगाने में जुटी है कि ब्लैकलिस्टेड होने के बावजूद परीक्षा संचालन एजेंसी 'टीडीपीएल' को टेंडर किन परिस्थितियों में दिया गया। सीआईडी फिर सोमवार को चौथे चरण की पूछताछ करेगी।
मामले में ओएमआर शीट में गड़बड़ी, टेंडर प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था पर पूर्व अध्यक्ष से जानकारी मांगी जा रही है। सीआईडी ने जेपीएससी और टीडीपीएल कार्यालयों से ओएमआर शीट और डिजिटल साक्ष्यों सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस मामले में अब तक उप परीक्षा नियंत्रक समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से 5 आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।
