रामगढ़। गोला प्रखंड के हुप्पू पंचायत स्थित नया सिरका गांव में देर रात दो जंगली हाथी कुएं में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों हाथियों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। यह घटना रात करीब 1:30 बजे की है। मंसू महतो के कुएं में हाथियों के गिरने की खबर मिलते ही वनकर्मियों ने निरीक्षण किया। इसके बाद जेसीबी की मदद से कुएं तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाया गया। लगातार प्रयास के बाद दोनों हाथी कुएं से बाहर निकलकर जंगल की ओर चले गए। वन विभाग के मुताबिक, गोला, दुलमी और चितरपुर क्षेत्र में इन दिनों करीब 44 जंगली हाथियों का झुंड सक्रिय है। हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। विभाग ने लोगों से हाथियों के पास नहीं जाने, उन्हें घेरने या परेशान नहीं करने की अपील की है। बताया गया कि इससे पहले चितरपुर क्षेत्र में हाथियों के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।
आज खास
विशेष
