गिरिडीह। कोलकाता के एक ठेकेदार के घर से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने और हीरे के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र से बरामद किए गए हैं। इन बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 50 से 55 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी घूपन पासवान को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घूपन पासवान कोलकाता में एक ठेकेदार के घर पर खाना बनाने और देखरेख का काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने मौका पाकर ठेकेदार के घर से कीमती सोने और हीरे के आभूषण पार कर दिए।
चोरी की इस वारदात को अंजाम देने के बाद घूपन आभूषण लेकर गिरिडीह पहुंच गया। यहां उसने पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित अपनी ससुराल में इन जेवरातों को छिपा कर रख दिया। उसकी सास का नाम देवकी देवी बताया गया है।
ठेकेदार के घर से आभूषण चोरी होने के बाद कोलकाता के बेनियापुकुर थाने में कांड संख्या 280/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच में जुटी पुलिस को घूपन पासवान पर शक हुआ, जिसके बाद उसे कोलकाता से ही हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूलते हुए जेवरात छिपाने की जगह बता दी।
आरोपी की निशानदेही पर कोलकाता पुलिस की टीम उसे साथ लेकर गिरिडीह पहुंची और पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली स्थित उसकी ससुराल में छापेमारी की। डीएसपी आरके राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बंगाल पुलिस की टीम ने पचम्बा पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से आभूषण बरामद कर लिए हैं और कोलकाता पुलिस बरामद संपत्ति व आरोपी को अपने साथ वापस ले गई है।
