​कोडरमा। कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर में सवार एक व्यक्ति केबिन में बुरी तरह फंसकर घायल हो गया।

​मिली जानकारी के अनुसार रांची की ओर से बिहार की तरफ जा रहे दोनों ट्रेलर एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। ढलान वाली सड़क पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। नियंत्रित न हो पाने के कारण वह आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे वाले ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका शरीर दो हिस्सों में कट गया।

​घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।