बोकारो। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा। चास नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया के नेतृत्व में 31 अगस्त तक चास नगर के सभी वार्डों और बूथ स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान को संबोधित करते हुए झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन विधेयक से झारखंड और राज्यवासियों को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान तथा राज्य के अधिकारों को कमजोर करने के केंद्र सरकार के प्रयासों को जनता के बीच उजागर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन एवं पार्टी के महासचिव विनोद पांडे के निर्देश पर बूथ स्तर तक अभियान चलाया जा रहा है।
मंटू यादव ने बताया कि 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालयों पर झामुमो कार्यकर्ताओं का जुटान होगा और विधेयक के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसी क्रम में चास नगर निगम के वार्ड संख्या 25, 26, 29 और 30 के विभिन्न बूथों पर जन-जागरण अभियान चलाकर लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकारों की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर अधिकार तथा राज्य की अस्मिता की रक्षा के लिए जनता को एकजुट होना होगा।
मंटू यादव ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ता केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने के लिए तैयार हैं। झारखंड के अधिकार, अस्मिता और अस्तित्व की रक्षा का संघर्ष जारी रहेगा।
जन-जागरण अभियान का संचालन चास नगर सचिव भागीरथ शर्मा ने किया। अभियान में महानगर उपाध्यक्ष संजय केजरीवाल, आकाश टुडू, मिथुन मंडल, मुक्तेश्वर महतो, सदानंद गोप, नैयर जमाल, आलोक सिंह, रामदयाल सिंह, बम पांडे, रवि सिंह, दिनेश यादव, दुर्गा दत्ता, दीपक बंसल, प्रदीप यादव, अभिषेक पांडे, अजीत गोप, धर्मेंद्र गोप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की सदस्य उपस्थित रहीं।
