रांची/नई दिल्ली। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने संसद भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में झारखंड और ओडिशा के कई सांसद शामिल हुए।
सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया।
आदित्य साहू ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली और भाजपा शासित राज्यों में तो छात्रों के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हो रहे अत्याचार पर उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।
प्रदर्शनकारी सांसदों ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई धांधली को तुरंत रद्द करने तथा पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, मनीष जायसवाल समेत कई अन्य प्रमुख सांसद भी मौजूद रहे।
