​रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े बहुचर्चित मामले में झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। बुधवार, 7 अक्टूबर को जस्टिस दीपक रोशन की एकल पीठ में मामले की सुनवाई हुई, जिसके बाद अब गुरुवार, 8 अक्टूबर को भी इस पर आगे की सुनवाई की जाएगी।

​बुधवार को सुनवाई के दौरान मामले की जांच कर रही सीआईडी की ओर से अब तक की अपडेटेड स्टेटस रिपोर्ट अदालत के समक्ष पेश की गई। सीआईडी ने इस जांच रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में हाईकोर्ट को सौंपा है।

​मामले की सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता ने अपनी बहस पूरी करते हुए अपनी दलीलें अदालत के सामने रखीं। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से भी प्रारंभिक पक्ष पेश किया गया। अदालत ने प्रार्थी की ओर से बहस पूरी होने के बाद आगे की सुनवाई के लिए गुरुवार की तिथि तय की है।

​गुरुवार को होने वाली सुनवाई पूरी तरह से राज्य सरकार और सीआईडी के पक्ष पर केंद्रित रहेगी। सरकार के अधिवक्ता सीआईडी की इस सीलबंद अपडेटेड जांच रिपोर्ट के आधार पर अदालत में विस्तृत बहस करेंगे। इसके साथ ही परीक्षा और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर भी राज्य सरकार की ओर से दलीलें पेश की जाएंगी।