गिरिडीह: जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने देर रात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। सीआईडी ने स्थानीय सहायक शिक्षक विकास पांडे को हिरासत में लिया है। मामला अत्यंत हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस और सीआईडी के अधिकारी फिलहाल इस संबंध में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
मामले की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन सिंह ने भी किसी भी प्रकार की जानकारी से स्पष्ट इनकार किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें इस बात की कोई सूचना नहीं है कि उनके थाना क्षेत्र से किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए विकास पांडे पेशे से सहायक शिक्षक हैं। वह जेपीएससी पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी और टीडीपीएल परीक्षा कराने वाली एजेंसी के प्रबंधक अभय तिवारी के ससुर बताए जा रहे हैं। इसी रिश्तेदारी और संभावित संलिप्तता के आधार पर सीआईडी ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस मामले के तार और गहरे जुड़े हो सकते हैं।
