​रांची।रांची नगर निगम के पूर्व मेयर प्रत्याशी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सुजीत कुजूर बुधवार सुबह अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत बरियातू स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे आईसीयू में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं।

​पारिवारिक सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह सुजीत कुजूर अपने घर की छत पर थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे आ गिरे। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें बरियातू के अस्पताल ले गए।

​अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

​सुजीत कुजूर के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और उनके समर्थक अस्पताल पहुंच रहे हैं तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।