रांची। चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और वोटर लिस्ट में एकतरफा बदलाव के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 30 सितम्बर (बुधवार) को लोकभवन के समक्ष विशाल प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से बर्खास्त करने की मांग की जाएगी।
झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि प्राप्त जानकारी और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कई एकतरफा फैसलों पर आयोग के ही दो अन्य चुनाव आयुक्तों-सुखबीर सिंह संधू एवं विवेक जोशी-ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार औपचारिक और लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं। अन्य दोनों चुनाव आयुक्तों की चिंताओं को दरकिनार कर, बिना उनकी सहमति के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) के नाम पर करोड़ों पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। नियमों में इस तरह का एकतरफा बदलाव पूरी तरह असंवैधानिक, अनधिकृत और अवैध है, जो स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा कुठाराघात है। इस लोकतंत्र विरोधी रवैये के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में रांची अंतर्गत केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारी व सदस्य, झामुमो के सांसद एवं विधायक, तथा सभी स्तरों के पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल होंगे।
