​रांची।सिसई के विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह मामला एक नाबालिग से जुड़ा है और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ है, इसलिए इस पर किसी भी तरह की जल्दबाजी या राजनीति करने के बजाय पुलिस की निष्पक्ष जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए।

विधायक विकास मुंडा और सुदीप गुड़िया ने कहा कि पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट है कि मामले की निष्पक्ष और कड़ाई से जांच होनी चाहिए। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाए, उस पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई हो।

​ भाजपा द्वारा गिरफ्तारी की मांग और नैरेटिव बनाने के आरोपों पर पार्टी ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए और कोर्ट का फैसला आए किसी को अपराधी घोषित करना उचित नहीं है। वहीं, कांग्रेस द्वारा क्लीन चिट दिए जाने के सवाल पर झामुमो ने स्पष्ट किया कि वे न किसी को बचा रहे हैं और न ही किसी पर दबाव बना रहे हैं, बल्कि पुलिस को अपना काम करने देने के पक्षधर हैं।

​पार्टी ने कहा कि पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस तय प्रक्रिया(मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता का बयान आदि) का पूरी तरह पालन कर रही है। कोर्ट के अधिकार क्षेत्र के मामलों में अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।

एक पत्रकार के कार्यालय पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के सवाल पर नेताओं ने स्पष्ट किया कि चूंकि संबंधित पत्रकार इस मामले में शिकायतकर्ता (कम्प्लेनेंट) भी हैं, इसलिए जांच के तहत जानकारी जुटाने के लिए पुलिस का उनसे संपर्क करना स्वाभाविक प्रक्रिया है। उनकी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

प्रेस वार्ता के अंत में नेताओं ने यह भी आशंका जताई कि इस पूरे प्रकरण के पीछे किसी राजनीतिक षड्यंत्र की बू आ रही है। उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान इस पहलू की भी पड़ताल होनी चाहिए ताकि असली सच्चाई और इसके पीछे के चेहरे जनता के सामने आ सकें।

​अंत में झामुमो ने दोहराया कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और इसके लिए सभी पक्षों को पुलिस प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।