बोकारो। बोकारो जिला कुश्ती संघ के द्वारा सेक्टर-2A स्थित मां भुवनेश्वरी मंदिर प्रांगण में एकदिवसीय झारखंड राज्य स्तरीय ट्रेडिशनल कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 120 महिला एवं पुरुष पहलवानों ने भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा, दमखम, तकनीक और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

अतिथियों ने कहा कि कुश्ती हमारी भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलता है।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को अतिथियों के हाथों मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राजा पांडे, अनिल सिंह, रास नारायण सिंह, रामकिशोर लाल बाबा, बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष बबलू कुमार, झारखंड कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव संजीव झा, धनबाद जिला कुश्ती संघ के महासचिव सतनारायण यादव, बोकारो जिला कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष राजू कुमार, महासचिव राजीव रंजन, राजेश यादव, राष्ट्रीय कुश्ती कोच मृत्युंजय नाथ चौधरी, विकास कुमार, अखिलेश शर्मा, संजय सिंह एवं रणजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।