धनबाद। डुमरी विधायक और जेएलकेएम के अध्यक्ष जयराम महतो समेत चार नेताओं की अग्रिम जमानत याचिका पर फिलहाल फैसला नहीं हो सका है। सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य गंभीर आरोपों के तहत दर्ज मामले में जयराम महतो ने धनबाद सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की है। उनके साथ अन्य आरोपी सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल ने भी अदालत का रुख किया है।
मंगलवार को एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में याचिकाकर्ताओं की अग्रिम जमानत पर सुनवाई हुई। अदालत ने पुलिस को मामले से जुड़ी केस डायरी पेश करने का सख्त निर्देश दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद होगी। मामले की जड़ बरवाअड्डा की बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत है। उन्होंने जेएलकेएम नेता गणेश दास पर मुखिया के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। इसी विवाद के दौरान पुलिस कार्रवाई और सरकारी कामकाज में रुकावट डालने के आरोप में जयराम महतो और उनके समर्थकों पर मामला दर्ज किया गया था।
