सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल से गुजरने वाले एनएच-32 पर बहुप्रतीक्षित जामडीह रेलवे ओवरब्रिज को शनिवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से इस ओवरब्रिज का उद्घाटन किया।
इस ओवरब्रिज के शुरू होने से धनबाद, बोकारो और पुरुलिया की ओर आने-जाने वाले यात्रियों तथा मालवाहक वाहनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले इसी मार्ग पर पितकी रेलवे ओवरब्रिज भी चालू किया गया था। अब जामडीह ओवरब्रिज के शुरू होने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और लंबे इंतजार से वाहन चालकों को पूरी तरह निजात मिलेगी, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होने की संभावना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान बच्चों का जोरदार प्रदर्शन
एक तरफ जहां ओवरब्रिज के खुलने से यातायात सुगम हुआ, वहीं उद्घाटन समारोह के दौरान जामडीह में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। स्थानीय स्कूली बच्चों ने स्कूल भवन और फुट ओवरब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया।
बच्चों ने सांसद संजय सेठ और विधायक सविता महतो के खिलाफ नारेबाजी भी की। हालांकि, सांसद संजय सेठ ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को समझाने और आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे अपनी मांगों पर डटे रहे।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना था कि उनका विद्यालय वर्तमान में अस्थायी रूप से छऊ कला केंद्र में संचालित हो रहा है। बच्चों ने आरोप लगाया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का फंड उपलब्ध होने के बावजूद अब तक पक्के भवन का निर्माण नहीं कराया गया है।
बच्चों के इस विरोध-प्रदर्शन और मांगों के संबंध में जब मीडियाकर्मियों ने सांसद संजय सेठ और विधायक सविता महतो से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, तो दोनों जनप्रतिनिधि बिना कुछ बोले वहां से रवाना हो गए।
