जमशेदपुर। शहर के चर्चित निखार हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। मामले के मुख्य अभियुक्त अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित आवास और उनके निजी न्यूज़ पोर्टल 'न्यूज़ 26' के कार्यालय पर पुलिस टीम ने एक साथ छापेमारी की।
इस संयुक्त कार्रवाई में चांडिल, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर—इन चार थानों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने कार्यालय और आवास को खंगालते हुए मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और सामग्रियों की सघन जांच की।
सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान पुलिस के हाथ कुछ ऐसे महत्वपूर्ण साक्ष्य लगे हैं जो इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं। हालांकि, जांच प्रभावित न हो, इस वजह से पुलिस अधिकारियों ने बरामद किए गए साक्ष्यों का ब्योरा सार्वजनिक करने से परहेज किया है।
पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
