खूंटी। मुरहू प्रखंड के हेसेल गांव में 11 वर्षीय बच्ची मुक्ति डुंगडुंग के पैरों में लोहे की बेड़ी और ताला बंधे होने का मामला सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर मुरहू थाना प्रभारी नयाल गोडविन केरकेट्टा रात 10 बजे दल-बल के साथ हेसेल गांव पहुंचे और बच्ची को बेड़ियों से मुक्त कराया।
एसपी के आदेश पर थाना प्रभारी ने मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की और बच्ची के पैरों में लगी बेड़ी व ताला तुरंत खुलवाया। लंबे समय बाद आजादी मिलते ही नन्ही मुक्ति के चेहरे पर खुशी खिल उठी। इस त्वरित कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि मुक्ति के पिता ने उसकी अत्यधिक चंचलता और भागने की आदत को नियंत्रित करने का हवाला देते हुए उसके पैर में लोहे की जंजीर बांध दी थी। परिजन और ग्रामीण लगातार इसे हटाने की मांग कर रहे थे। पुलिस के इस कदम से अब मुक्ति अन्य बच्चों की तरह बेफिक्र होकर खेल-कूद सकेगी।
