चतरा। जिले के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बच्ची को तीन दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगा है। इस मामले में सुनीता देवी और विकास ठाकुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान बच्ची वापस अपने घर लौटी और उसने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
पीड़ित बच्ची के अनुसार उसे तीन दिनों तक आरोपियों के घर में रखा गया था। यह बात जब पूरे गांव में फैली, तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सुनीता देवी और विकास ठाकुर को पकड़कर रस्सी से पेड़ से बांध दिया और उनके साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से दोनों आरोपियों को मुक्त कराया और अपने साथ थाने ले आई।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नाबालिग बच्ची आरोपी महिला के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर किसी अज्ञात युवक से बातचीत करती थी। जांच में यह भी पता चला कि वह युवक कथित तौर पर साइबर ठगी से जुड़ा हुआ था। वह अलग-अलग बहाने बनाकर बच्ची को अपने जाल में फंसाता था और उससे पैसे ऐंठता था।
पुलिस के अनुसार बच्ची ने सुनीता देवी से करीब 60,000 रुपए लिए थे, जो उसने उस अज्ञात युवक को दे दिए थे। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे, तो बच्ची रकम लौटाने में असमर्थ रही। इसी पैसों के विवाद के चलते महिला ने बच्ची को अपने घर में तीन दिनों तक रोक कर रखा था।
फिलहाल पुलिस ने सुनीता देवी और विकास ठाकुर को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं को खंगालने में जुटी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन परिस्थितियों में बच्ची को बंधक बनाया गया था और इसमें दोनों आरोपियों की क्या भूमिका थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि नियमानुसार नाबालिग बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी, जिसके बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पुलिस उस अज्ञात युवक की पहचान करने का भी प्रयास कर रही है जिससे बच्ची बात करती थी और जिसे कथित तौर पर साठ हजार रुपए दिए गए थे।
