मेदिनीनगर: जिला प्रशासन ने अवैध चिकित्सीय गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनातू में संचालित एक अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया। कार्रवाई सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

छापेमारी के दौरान केंद्र का मुख्य द्वार बंद मिला और संचालक मौके से फरार था। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। प्रशासन ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत ताला खुलवाकर निरीक्षण किया, जिसमें अल्ट्रासाउंड मशीन, मरीजों के रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

प्रारंभिक जांच में बिना वैध अनुमति के केंद्र संचालित होने के साक्ष्य मिले हैं। जिला प्रशासन ने संचालक के खिलाफ PC & PNDT Act, 1994 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।