​रांची। पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने इटकी थाना क्षेत्र के नारी गांव में एक कथित मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है।

​छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ-साथ विभिन्न ब्रांडों के रैपर, स्टीकर, कॉर्क और नकली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों का उपयोग स्थानीय स्तर पर तैयार शराब को ब्रांडेड बोतलों में पैक कर बेचने के लिए किया जा रहा था।

​कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद आरोपी सुरेंद्र साहू और विजय साहू फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।