रांची। राजधानी रांची में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों के सुरक्षित तथा सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। इसी उद्देश्य के तहत निगम द्वारा शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के आसपास व्यापक अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विमेंस कॉलेज (साइंस ब्लॉक) के समीप मार्ग पर बनी कई अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त कर हटाया गया, साथ ही सड़क घेरकर लगाए गए ठेलों को जब्त किया गया। वहीं, सर्कुलर रोड स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के सामने कार्रवाई करते हुए सड़क पर अवैध रूप से रखे गए काउंटर, टेबल और अन्य सामानों को जब्त कर लिया गया। निगम की टीम ने अवैध रोड साइड वेंडर्स को हटाकर मार्ग को पूरी तरह से आवागमन के लिए सुगम बनाया। साथ ही, संबंधित अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा दोबारा अतिक्रमण करने पर और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम का कहना है कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा, विद्यार्थियों की सुविधा और सड़कों पर निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
