रांची। आईआईएम रांची ने प्रतिष्ठित ग्लोबल क्यूएस बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2027 में अपनी जगह बनायी है। 'मास्टर्स इन मैनेजमेंट' श्रेणी के अंतर्गत आईआईएम रांची को 201+ ग्लोबल बैंड में रखा गया है और एशिया में 21वां स्थान हासिल हुआ है। वहीं, 'मास्टर्स इन बिजनेस एनालिटिक्स' (एमबीए-बीए) श्रेणी में संस्थान को 201+ ग्लोबल बैंड में जगह और एशिया में 16वां स्थान हासिल हुआ है।
आइआइएम, रांची के मुताबिक, क्यूएस बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2027 पांच प्रमुख मापदंडों पर शैक्षणिक कार्यक्रमों का मूल्यांकन करती है। पूरी रैंकिंग प्रक्रिया का आधा हिस्सा 'एम्प्लॉयबिलिटी' और 'एलुमनाई आउटकम्स' को दिया गया है, जो करियर से संबंधित परिणामों पर विशेष जोर देता है, साथ ही वित्तीय मूल्यों, अकादमिक प्रभाव और विविधता का भी आकलन करता है। हाल ही में, आईआईएम रांची को 'एसोसिएशन ऑफ एमबीए' का प्रतिष्ठित मान्यता प्राप्त हुआ है, जो प्रबन्धन संस्थान को मिलने वाले ट्रिपल क्राउन में से एक है। इसके अलावा क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के ही 'एग्जीक्यूटिव एमबीए' श्रेणी में जगह बनाने में सफल हुई, जहां आईआईएम रांची को 201+ ग्लोबल बैंड में रखा गया और एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में 33वां स्थान मिल चुका है। इन हालिया उपलब्धियों और रैंकिंग के साथ, आईआईएम रांची अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति को लगातार मजबूत कर रहा है।
