बोकारो। सड़क को पार्किंग स्थल समझकर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ बोकारो पुलिस ने शनिवार को सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एनएच-32 पर उतरी संयुक्त टीम ने 58 अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 37,700 रुपये का जुर्माना वसूला। कार्रवाई के साथ ही वाहन चालकों और मालिकों को साफ चेतावनी दी गई कि सड़क पर दोबारा अवैध पार्किंग मिली तो कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

पुलिस उपाधीक्षक ने एनएच-32 के आईटीआई मोड़ से तेलगड़िया मोड़ तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को चिन्हित किया गया और नियमों के तहत जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। पुलिस ने भविष्य में ऐसी स्थिति दोहराए जाने पर संबंधित वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी। यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क को अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने के लिए इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।