​मेदिनीनगर। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा गांव के समीप बीती रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह उर्फ भुलन सिंह के पुत्र ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है।

ओमप्रकाश सिंह अपनी निजी स्कॉर्पियो सड़क किनारे रोककर किसी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उसकी कनपटी में गोली मार दी। जान बचाने के लिए उसने गाड़ी का दरवाजा खोलकर भागने का प्रयास किया, लेकिन अपराधियों ने उस पर दो और गोलियां दाग दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मोटरसाइकिल से दंगवार की ओर फरार हो गए।

​आसपास के लोग घायल ओमप्रकाश को तुरंत हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे मेदिनीनगर एमएमसीएच भी ले गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

हत्या के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने जपला-डालटनगंज और बारुण मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बाजार और दुकानें बंद करवा दीं तथा सिद्धनाथ गेट के पास बस खड़ी कर रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया। इस दौरान पटेल चौक पर लगे पुलिस के सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सड़क जाम के कारण दोपहर तक पूरे क्षेत्र में आवागमन और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह शराब व अन्य मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा था और उस पर हुसैनाबाद थाने में 8 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस आपसी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि सहित विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर अपराधियों की तलाश कर रही है।