​रांची। रांची-जमशेदपुर मुख्य सड़क पर पुराना रामपुर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे का शिकार हुए सभी मजदूर तमाड़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

​जानकारी के अनुसार पथ निर्माण विभाग की ओर से मुख्य सड़क के किनारे सफाई अभियान चलाया जा रहा था। मजदूर सड़क किनारे जमा बालू और झाड़ियों की कटाई कर उन्हें ट्रैक्टर में लाद रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

​दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पूर्व मुखिया महादेव मुंडा और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।