बोकारो । जिले में लंबित होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर मंगलवार को सैकड़ों युवक-युवतियों ने जिला समाहरणालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। साथ ही सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा कि लंबे समय से होमगार्ड बहाली की प्रतीक्षा की जा रही है, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इससे हजारों शिक्षित बेरोजगारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उनका आरोप था कि सरकार की ओर से बार-बार केवल आश्वासन दिया जाता है, जबकि रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार से जल्द बहाली की अधिसूचना जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।