​बोकारो। बोकारो के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा प्रहार किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड के युवाओं को निराश और लहूलुहान किया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और नौकरी बेचने के खेल पर अंकुश लगाने के लिए सीबीआई जांच ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि

​सीआईडी जांच के नाम पर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। अगर सरकार की नियत साफ है, तो मामले की जांच तुरंत सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए।​उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जेपीएससी मामले की जांच सीबीआई से कराई गई थी और दोषियों पर कार्रवाई हुई थी।

युवाओं के अधिकार और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।

खनिज संशोधन विधेयक के मुद्दे पर मुंडा ने स्पष्ट किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह कर रही है।

ओडिशा सरकार ने प्रीमियम ऑक्शन से लगभग ₹46,000 करोड़ अर्जित किए, जबकि झारखंड यह राशि ₹500 करोड़ भी नहीं जुटा पाया है।सरकार जनहित के कार्यों के बजाय अन्य विभागों में राशि खर्च कर मंत्रियों और अधिकारियों को खुश करने में लगी है।

​उन्होंने कहा कि चीनी की कीमतों में वृद्धि एक तात्कालिक समस्या है, जिस पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री गंभीरता से काम कर रहे हैं।

द्वितीय एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के सिलसिले में बोकारो पहुंचे मुंडा ने कहा कि झारखंड को तीरंदाजी की जननी माना जाता है, लेकिन सरकारी प्रोत्साहन के अभाव में प्रतिभावान खिलाड़ी पीछे छूट रहे हैं।

​भारत विश्व में तीरंदाजी के क्षेत्र में दूसरे स्थान पर है (पहले पर अमेरिका) और भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत से जल्द ही देश शीर्ष पर होगा।

​बोकारो में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से कई नई प्रतिभाएं सामने आई हैं। इसके बाद मणिपुर समेत अन्य राज्यों में ऐसी प्रतियोगिताएं होंगी।

प्रतियोगिता में बोकारो स्टील प्रबंधन द्वारा सहयोग न किए जाने पर अर्जुन मुंडा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से बोकारो स्टील को 'डीड ऑफ कन्वेंस' मिला था, लेकिन वर्तमान में प्रबंधन में जनहित के कार्यों को लेकर इच्छाशक्ति का अभाव है। उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील के बारे में मेरे पास बहुत जानकारी है, लेकिन सही समय और सही स्थान आने पर ही इसकी जन्म कुंडली खोलना उचित होगा।

​पत्रकार सम्मेलन में भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, मंत्री मनोज ठाकुर और बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव अंजना सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।