बोकारो। गिरिडीह से धनबाद लौटने के दौरान बोकारो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर छात्र-युवाओं के साथ धोखेबाजी का आरोप लगाया।
रघुवर दास ने कहा कि चुनाव से पहले युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली हेमंत सरकार अब नौकरियां बेच रही है। मौजूदा सीआईडी जांच को महज एक "लीपापोती" करार देते हुए उन्होंने कहा कि मामले में किसी बड़े चेहरे को नहीं पकड़ा गया है, जबकि इसमें सत्ता से जुड़े कई प्रभावशाली लोग शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों पर बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है।
रघुवर दास ने कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो मामले में शामिल लोगों का नार्को टेस्ट कराया जाए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
हेमंत सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, आदिवासी अत्याचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं। आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते हुए ही आदिवासियों की जमीनों को लूटा जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोहित लाल सिंह, अशोक कुमार पप्पू, दिलीप श्रीवास्तव, वीरभद्र प्रसाद सिंह, शंकर रजक और मनोज सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
