रामगढ़। जिला के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में प्रस्तावित गुरुजी (शिबू सोरेन) की प्रतिमा के अनावरण, श्रद्धांजलि सभा और विकास मेले की तैयारियों को लेकर जिला एवं प्रमंडलीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर गुरुजी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही, वे नेमरा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और इसके उपरांत लुकैयाटांड़ में आयोजित विकास मेले के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित सोरेन परिवार के अन्य सदस्य, कई सांसद, विधायक एवं मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है। संभावित वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
सोमवार को कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लेने के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के विकास आयुक्त सह प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीआईजी अंजनी कुमार झा, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लुकैयाटांड़ पहुंचे।
अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक व पार्किंग मैनेजमेंट, मंच की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, मेडिकल टीम, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित दिशा-निर्देश दिए गए।
