जमशेदपुर। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विरासत में मिली सत्ता के सुख ने शासन को जनता की वास्तविक समस्याओं से दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि सरकार की 'हिम्मत' अब सिर्फ नौकरशाही में नजर आ रही है, जबकि राज्य का युवा अपने अधिकार और भविष्य के लिए सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर है।
जमशेदपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य आजसू युवा अधिवेशन के अंतिम दिन आज कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने जिस झारखंड की कल्पना की थी, उसमें युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा, समुचित विकास और झारखंडी अस्मिता को सम्मान मिलना था। लेकिन आज उनके सपनों का झारखंड धूमिल होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के मुखिया से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर युवा आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंच रही है।
सुदेश महतो ने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि आने वाली पीढ़ी को तैयार करने की राजनीति करती है। पार्टी की कोशिश युवाओं को केवल कार्यकर्ता बनाकर रखने की नहीं, बल्कि उन्हें संगठनकर्ता और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने की है।
विकसित झारखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण: रामचंद्र सहिस
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड का पहला ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने युवाओं को भविष्य का नेतृत्व मानते हुए उन्हें निखारने और मुख्यधारा में लाने का काम किया है। पार्टी का संकल्प नई पीढ़ी में आत्मविश्वास, अनुशासन और निर्णय लेने का साहस विकसित करना है, ताकि वे समृद्ध और आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने युवाओं से शहीद निर्मल महतो के विचारों और विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
संघर्ष और जनसेवा के मार्ग पर चल रही पार्टी: देवशरण भगत व तिवारी महतो
आजसू के प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और युवा नेता निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने कहा कि पार्टी सत्ता सुख की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि संघर्ष और जनसेवा के मार्ग पर चलती है। आज की युवा पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास और निर्मल महतो के आदर्शों से अवगत कराना समय की मांग है।
झामुमो नेता कान्हू सामंत समर्थकों संग आजसू में शामिल
कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम भी देखने को मिला। आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत ने अपने समर्थकों और दलबल के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री लंबोदर महतो, संजय मेहता, चंद्रगुप्त सिंह, हरे लाल महतो, नंदू पटेल, छूटनी महतो, परवाज़ खान, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी, लालन झा, रवि शंकर मौर्या, चंद्रेश्वर पांडेय, मंटू शुक्ला, आकाश सिन्हा, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, कुंदन सिंह, राजेश चौधरी, संजय मालाकार समेत हजारों की संख्या में युवा उपस्थित थे।
