हजारीबाग। झारखंड सरकार के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय रांची के माध्यम से हजारीबाग जिला पुलिस को 30 नई डायल-112 गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। इससे जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। इसके पूर्व भी पुलिस मुख्यालय द्वारा हजारीबाग जिले को 28 डायल-112 वाहन उपलब्ध कराए गए थे। अब कुल 58 डायल-112 गाड़ियों के माध्यम से शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इन वाहनों का उपयोग अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं के विरुद्ध छेड़खानी की घटनाओं पर कार्रवाई और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने में किया जाएगा।

नई डायल-112 गाड़ियों को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अमन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर रूपक कुमार सिंह, एसडीपीओ विष्णुगढ़ फैजान अहमद, सीसीआर डीएसपी मोहम्मद अरमानुल हक और पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर कुमार देवव्रत ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 सेवा के विस्तार से जिले के दूरदराज क्षेत्रों में भी पुलिस सहायता तेजी से उपलब्ध हो सकेगी और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।