नई दिल्ली / रामगढ़। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य में जेपीएससी और जेएसएससी-सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों के आक्रोश, बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा खनिज संपदा की लूट का मामला प्रमुखता से उठाया।
सांसद जायसवाल ने गृह मंत्री को अवगत कराया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली और सीटों की खरीद-बिक्री के आरोप लग रहे हैं। वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही सीआईडी जांच पर अभ्यर्थियों का भरोसा नहीं है। ऐसे में 5 लाख से अधिक युवाओं के भविष्य और न्याय के हित में इस पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
मुलाकात के दौरान सांसद ने राज्य में पांव पसार रहे संगठित अपराध, हजारीबाग और रामगढ़ क्षेत्रों में अवैध नशे के कारोबार तथा प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के युवाओं के भविष्य और राज्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। गृह मंत्री अमित शाह ने इन सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
