रांची/जमशेदपुर/हजारीबाग। राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में बीते तीन दिनों से हो रही मुसलाधार बारिश और डीप डिप्रेशन ‘अर्णब’ के प्रभाव से आई तेज हवा-तूफान ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों से पेड़ गिरने, बिजली सेवा एवं यातायात बाधित होने और बस्तियों में पानी भरने की खबरें आ रही है।
रांची में तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण सामान्य दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में पेड़ और उनकी डालियां उखड़कर सड़कों पर आ गिरी हैं, जिससे आवागमन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुरेंद्रनाथ स्कूल के पास एक विशालकाय पेड़ टूटकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया, जिससे उस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
बारिश और ठंडक का असर शहर की गतिविधियों पर साफ दिखाई दिया। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा रहा।
लगातार हो रही बारिश का सबसे गंभीर असर जमशेदपुर में देखने को मिला है, जहाँ कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।शहर के सोनारी, आदर्शनगर, बर्मामाइंस, मानगो, बारिडीह और काशीडीह समेत दर्जन भर से अधिक इलाकों के रिहायशी घरों में बारिश और नालियों का गंदा पानी घुस गया है।
घरों में पानी भर जाने के कारण पीड़ित परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। कई लोग अपने सामानों को बचाने के लिए घरों की ऊपरी मंजिलों पर या पास के सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत पेटो के पास शुक्रवार को बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धनबाद से यात्रियों को लेकर हजारीबाग आ रही 'रायीन बस' पर सड़क किनारे लगा एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर गिर गया।अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई।
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण राज्य में मौसम का असर जारी है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, यह तंत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पलामू में भारी बारिश और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।रांची में दोपहर बाद हवा की रफ्तार धीमी होगी, जबकि रविवार से मौसम पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
स्कूल बस पर गिरा पेड़, बच्चे सुरक्षित
रांची। राजधानी के एजी मोड़ के पास शुक्रवार को सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। संत जेवियर्स स्कूल की एक चलती बस पर अचानक एक भारी-भरकम पेड़ आ गिरा। पेड़ गिरते ही बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और बच्चों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के समय बस में करीब 40 स्कूली बच्चे सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में किसी भी बच्चे या बस स्टाफ को कोई चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
