हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र के पुराना कांटा घर रोड के पास देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
गिद्दी पुलिस को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की तरफ से बाइक सवार कुछ अपराधी क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए गिद्दी व उरीमारी थाना की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
तड़के लगभग 3:50 बजे एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखे। पुलिस के रुकने का इशारा करते ही वे बाइक मोड़कर भागने लगे। असंतुलित होकर गिरने के बाद अपराधियों ने जंगल में छिपकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए।
घायलों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है।दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।घटनास्थल से 2 अवैध हथियार, जिंदा गोलियां, खोखा, मोबाइल फोन और धमकी भरा पर्चा जब्त हुआ है।
फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है।
