गुमला। गुमला पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के सब जोनल सदस्य और 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली रामदेव लोहरा सहित उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अन्य नक्सलियों में संगठन का एक एरिया कमांडर और दो दस्ता सदस्य शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा अपने दस्ते के साथ डुमरी थाना क्षेत्र में जेजेएमपी को पुनर्जीवित करने, नए सदस्यों को जोड़ने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद चैनपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने डुमरी के औरापाट जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर चारों नक्सलियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इनमें
एक एके-56 राइफल, एक एसएलआर राइफल,भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल एवं कई अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां हैं।
पुलिस के अनुसार 5 लाख के इनामी रामदेव लोहरा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में पीपुल्स वॉर ग्रुप और भाकपा (माओवादी) जैसे संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभा चुका है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से जेजेएमपी के नेटवर्क, उसके अन्य सहयोगियों और संगठन के पुनर्गठन की योजनाओं के संबंध में कई महत्वपूर्ण और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
