​रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की द्वितीय वर्षगाँठ के अवसर पर राज्यभर में 15 नवंबर से 28 नवंबर तक विशेष पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’से होगी, जबकि इसका भव्य समापन 28 नवंबर को सरकार की दूसरी वर्षगाँठ के मौके पर रांची स्थित खेलगाँव में आयोजित मुख्य समारोह के साथ होगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले के किसी प्रमुख स्थल या चौक-चौराहे से इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और जिले के महत्वपूर्ण छठ घाटों की सफाई के साथ इसका समापन होगा।

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान 17 से 25 नवंबर तक आम जनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद प्रतिस्पर्धा, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध-लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी और टीमें 26 एवं 27 नवंबर को खेलगाँव, रांची में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में अपनी प्रस्तुति देंगी। विजेता टीमों को मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।

26 से 28 नवंबर तक खेलगाँव, रांची में भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। राज्य के प्रत्येक जिले का एक-एक स्टॉल लगेगा, जहाँ संबंधित जिले के विशिष्ट उत्पाद, पर्यटन स्थल और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।इसके अतिरिक्त नवाचार (इनोवेशन) पर केंद्रित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

28 नवंबर को खेलगाँव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान कई नई योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। इस अवसर पर पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को चयनित कर सम्मानित किया जाएगा।