रांची/धनबाद। झारखंड में परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर छात्रों के जारी आंदोलन पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने बड़ा बयान दिया है। रविवार को धनबाद में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की मांगों को लेकर राज्य सरकार और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पूरी तरह गंभीर हैं।

के राजू ने छात्रों द्वारा की जा रही सीबीआई जांच की मांग को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि देश भर में नीट से जुड़े 17 मामलों की जांच सीबीआई कर रही है, लेकिन अब तक उनका कोई नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है और लगातार गिरफ्तारियां भी हो रही हैं।

के राजू ने जानकारी दी कि राहुल गांधी इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। शनिवार को उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं का शीघ्र और उचित समाधान निकालने का आग्रह किया है।

कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के मुद्दों को लेकर काफी संवेदनशील है। हाल ही में उन्होंने खुद एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी, जिसके बाद सरकार ने हाई पावर कमेटी का गठन किया। इस दिशा में कार्रवाई करते हुए छात्रों की अधिकांश मांगें मान ली गई हैं।

के राजू रविवार को धनबाद लोकसभा समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों तथा क्षेत्र में कांग्रेस की गतिविधियों के विस्तार की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के दौरान 'एसएआर' को गंभीरता से लेने के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, धनबाद लोकसभा प्रभारी व विधायक अनूप सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।