रामगढ़। गोला प्रखंड के खोखा गांव में मंगलवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने धर्मनाथ महतो, अरुण महतो समेत कई किसानों के खेतों में लगी मक्के और अन्य फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हाथियों ने खेतों में सिंचाई के लिए बिछाई गई ड्रिप पाइपलाइन को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद गांव की ओर बढ़े हाथियों के झुंड ने कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचाया। खोखा गांव निवासी मिथुन कुमार के अलबेस्टर शीट से बने घर को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
हाथियों के लगातार गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को वनरक्षी मनीष कुमार शर्मा गांव पहुंचे और प्रभावित किसानों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने खेतों, घरों और अन्य क्षतिग्रस्त संपत्तियों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। वनरक्षी ने बताया कि हाथियों से हुए नुकसान का विभागीय स्तर पर आकलन किया जा रहा है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
