चतरा। टंडवा थाना क्षेत्र के गेरुआ नदी में गुरुवार को अचानक आई बाढ़ के कारण पीपा पुल पार कर रहे तीन युवक तेज बहाव में फंस गए। इस दौरान उनकी दोनों बाइक भी पानी की तेज धार में बह गईं। टंडवा पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, जलस्तर बढ़ने के बावजूद दो बाइक पर सवार तीन युवक पीपा पुल के रास्ते नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और तीनों मझधार में फंस गए। देखते ही देखते दोनों बाइक तेज धार में बह गईं। सूचना मिलने पर टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार के निर्देश पर गश्ती दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान रामगढ़ और देवघर निवासी दो युवक तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए। वहीं, टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू निवासी संजय पासवान (27) तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे और बेहोश हो गए। पुलिस जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें पानी से बाहर निकाला और तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा ने बताया कि सुरक्षित निकाले गए युवकों की पहचान संदीप कुमार संख (21), पिता अलखु महतो, निवासी बेणाहारा, थाना मांडू, जिला रामगढ़ और बलराम गोस्वामी (34), पिता राम प्रसाद गोस्वामी, निवासी टेकरा, थाना पाथरौल, जिला देवघर के रूप में हुई है।