गुमला/रांची। पालकोट थाना क्षेत्र के तपकारा गांव में करमा पर्व के दौरान एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पर्व के अवसर पर आयोजित नाच-गान में शामिल होने गई एक नाबालिग आदिवासी युवती की शनिवार सुबह रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और मारपीट कर हत्या की कोशिश की गई। मामले में मृतका के पिता के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता बुधवार को तपकारा गांव में आयोजित करमा नाच देखने गई थी। इसी दौरान अज्ञात असामाजिक तत्वों ने उसका अपहरण कर लिया और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दरिंदों ने साक्ष्य छिपाने या हत्या की नीयत से युवती के साथ जमकर मारपीट भी की। गुरुवार शाम परिजनों ने युवती को अपने घर के बाहर बेहद गंभीर हालत में पाया।

परिजनों ने आनन-फानन में पीड़िता को कोलेबिरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे सिमडेगा रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार न होने पर प्राथमिक उपचार के लिए उसे गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया। शनिवार सुबह रिम्स में इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद से ही सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि इलाज के दौरान युवती की मृत्यु हो गई है। पिता की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।