रांची। रातु थाना क्षेत्र में करमा पूजा की रात (22 सितंबर) एक युवती के साथ हुए सामूहिक बलात्कार और छिनतई के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक (मु०) द्वितीय के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान दल ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान संदीप मुण्डा उर्फ रावन (22 वर्ष) और सुनील मुण्डा (23 वर्ष, निवासी चटकपुर, रातु) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चटकपुर पंचायत से करमा पूजा मेला देखकर नशे की हालत में लौटते समय उन्होंने फोन पर बात कर रही युवती को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पीड़िता से सोने की चेन भी छीनकर बेच दी थी।

पुलिस ने संदीप मुण्डा के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसमें घटना से संबंधित डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तार संदीप मुण्डा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास (सुखदेवनगर थाना कांड सं० 395/17) रहा है। पुलिस ने बालिग अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा नाबालिगों को बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।