रांची। राज्य के नगर निकायों में सड़कों, गली- मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों के नामकरण और उनकी संख्या के संबंध में लोगों से आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। नामकरण और उसकी संख्या को कैसे बेहतर किया जाये, इसका आधार क्या बनाया जाना चाहिए, इससे संबंधित मन्तव्य कोई भी नागरिक दे सकता है। इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने पहल की है। उसके स्तर से इसके लिए झारखंड म्यूनिसिपल रूल्स 2026 के तहत लोगों से सहयोग मांगा गया है। झारखंड म्यूनिसिपल रूल्स 2026 का प्रारूप प्रकाशन विभाग की वेबसाइट पर जारी किया गया है। इसके प्रारूप पर आपत्ति जताने के अलावा सुझाव या मन्तव्य भी दिया जा सकता है। इसके लिए एक मेल आईडी भी जारी किया गया है जिस पर 10 अगस्त तक जानकारी दी जा सकती है। समयावधि पूरी होने के बाद किसी प्रकार की आपत्ति और सुझाव मान्य नहीं होंगे।