रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड संगठन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नई टीम की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही संगठन के कामकाज को गति देने और राज्यों में रणनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है।

केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जारी इस नई सूची से झारखंड भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदेश पदाधिकारियों में नया उत्साह देखा जा रहा है। नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति को पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जमीनी स्तर पर संगठन के विस्तार और राज्य स्तरीय भावी आंदोलनों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। मध्य प्रदेश से आने वाले गजेंद्र पटेल संगठन का लंबा और वृहद प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। आदिवासी समाज से आने के कारण झारखंड की सामाजिक ताने-बाने को समझने में उनका अनुभव पार्टी के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह दोनों युवा व ऊर्जावान नेताओं को सह-प्रभारी की कमान सौंपकर केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन की निगरानी और बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत करने का खाका तैयार किया है। नवनियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारियों को झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश नेताओं का कहना है कि नई टीम के मार्गदर्शन में राज्य में भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर उभरेगा और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। शीघ्र ही नए प्रभारी और सह-प्रभारियों के रांची आगमन और प्रदेश कार्यसमिति तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ परिचयात्मक बैठक की तारीख तय की जाएगी।