मेदिनीनगर। हरिहरगंज के नए बस स्टैंड के समीप खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाकर गैर अनुमत रंगों से तैयार करीब 55 किलोग्राम मिठाई एवं चाट नष्ट किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पदाधिकारी संजीव कुमार उपाध्याय और अभय शंकर ठाकुर शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान औद्योगिक रंग से तैयार करीब 45 किलो मिठाई और गैर-खाद्य पीले रंग से बनी 10 किलो चाट नष्ट कराई गई। वहीं संतोष स्वीट्स से पनीर, सिमरन स्वीट्स से मिल्क केक, बैद्यनाथ किराना से सरसों तेल तथा आराध्या स्वीट्स से रसगुल्ले के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।