पतरातू (रामगढ़)। पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पीवीयूएनएल के भेल मैटेरियल यार्ड के निकट गोलीबारी की घटना सामने आई है। मैक्स हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे एक दुकान पर अंडा खा रहे दो युवकों को बंदूक का छर्रा लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान जयनगर गांव निवासी महताब आलम और जानिसार आलम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महताब आलम और जानिसार आलम मैक्स लाइफ केयर हॉस्पिटल के पास स्थित एक दुकान के नजदीक खड़े थे। इसी दौरान पीवीयूएनएल भेल मैटेरियल स्टॉक यार्ड की तरफ से अचानक फायरिंग हुई, जिसकी चपेट में आने से दोनों युवक घायल हो गए। उनके शरीर पर दो-तीन छर्रे लगे हैं।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्टॉक यार्ड के समीप जमकर हंगामा किया।
इस मामले में पतरातू पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह और थाना प्रभारी विकास कुमार आर्यन ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घटना में संलिप्त मैटेरियल यार्ड में तैनात आरोपी सुरक्षा गार्ड वीरेंद्र यादव (निवासी: कोतो) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
