​रांची/पाकुड़/कोडरमा। ​केंद्र सरकार द्वारा खनिज एवं खनन विकास एवं विनियमन (एमएमडीआर) कानून में किए गए संशोधन के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्यभर में मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को राजधानी रांची के विभिन्न प्रखंडों समेत कोडरमा और पाकुड़ जिलों में झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

​रांची जिले के तमाड़ में स्थानीय विधायक विकास सिंह मुंडा और सिल्ली में विधायक अमित कुमार महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं मांडर प्रखंड कार्यालय के समक्ष राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने धरना का नेतृत्व किया। चान्हो प्रखंड में झामुमो जिलाध्यक्ष मुश्ताक आलम और नामकुम प्रखंड में केंद्रीय समिति सदस्य अंतु तिर्की के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र के फैसले का विरोध किया।

​नामकुम में प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए झामुमो नेता अंतु तिर्की ने कहा कि एमएमडीआर कानून में किए गए संशोधन से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान होगा। इससे सरकार द्वारा चलाई जा रही जन-कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियां आदिवासी-मूलवासी और झारखंड विरोधी हैं। अंतु तिर्की ने स्पष्ट किया कि झामुमो इसके खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा, जिसमें आवश्यकता पड़ने पर राज्यव्यापी आर्थिक नाकेबंदी भी शामिल होगी।

​कोडरमा जिले के सभी 6 प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन हुआ। सदर प्रखंड में जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पांडे और पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के नेतृत्व में धरना दिया गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से संशोधन वापस लेने की मांग की और मांग न पूरी होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी झंडे लेकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​पाकुड़ जिले के पाकुड़ मुख्यालय, महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा और हिरणपुर प्रखंड कार्यालयों के सामने विरोध-प्रदर्शन हुआ। जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव, मो. मुस्लिउद्दीन शेख सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। अजीजुल इस्लाम ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड की चुनी हुई सरकार को परेशान और कमजोर करने के लिए ऐसे कानून ला रही है।

उधर, पोटका में विधायक संजीव सरदार के नेतृत्व में ज़ोरदार प्रदर्शन हुआ।चास प्रखंड मुख्यालय के समक्ष विशाल एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो चास नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया एवं चास प्रखंड अध्यक्ष रामदयाल सिंह ने संयुक्त रूप से की।

झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि झारखंड के हक-अधिकार से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल, जंगल, जमीन और खनिज झारखंड की पहचान और अधिकार से जुड़े विषय हैं।